
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने अपने फैंस को चौंकाते हुए सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का ऐलान किया है। नेहा ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि वह अब जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और बाकी सभी चीजों से कुछ समय के लिए दूरी बनाना चाहती हैं।
अपने पोस्ट में नेहा कक्कड़ ने लिखा कि अब ब्रेक लेने का समय आ गया है और उन्हें खुद भी नहीं पता कि वह कब या वापस लौटेंगी भी या नहीं। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी मानसिक शांति और निजी जीवन को प्राथमिकता देने की बात कही।
नेहा कक्कड़ ने इस दौरान पैपराजी और फैंस से भी एक खास रिक्वेस्ट की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी उनकी तस्वीरें क्लिक न करे। सिंगर ने लिखा कि वह चाहती हैं कि उनकी प्राइवेसी का पूरा सम्मान किया जाए और उन्हें बिना कैमरे के, आज़ादी से जीने दिया जाए।
उन्होंने आगे लिखा कि “कोई कैमरा नहीं प्लीज। यह मेरी रिक्वेस्ट है। मेरी शांति के लिए आप ये कम से कम मुझे दे सकते हैं।”
नेहा कक्कड़ के इस फैसले के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उनके लिए प्यार और सपोर्ट जाहिर कर रहे हैं। कई लोग उनकी सेहत और मानसिक शांति की दुआ कर रहे हैं, वहीं कुछ फैंस उनके जल्द वापसी की उम्मीद भी जता रहे हैं।







